भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नई प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा इसी सप्ताह होने जा रही है। इसकी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट दिल्ली से लौट चुके हैं और अब अंतिम चरण में संगठनात्मक टीम का ऐलान किया जाएगा।
भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने बताया कि तीन से चार दिनों में कुल 31 पदाधिकारियों की घोषणा की जाएगी। उन्होंने कहा कि नई कार्यकारिणी पर विस्तृत चर्चा हो चुकी है और अब इसकी औपचारिक घोषणा बाकी है।

नई टीम में होंगे 31 पदाधिकारी
सूत्रों के अनुसार, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के अलावा नई कार्यकारिणी में निम्न पदाधिकारी शामिल होंगे—
- 8 प्रदेश उपाध्यक्ष
- 8 प्रदेश मंत्री
- 3 महामंत्री
- 1 महामंत्री संगठन
- 1 प्रदेश मीडिया प्रभारी
- 1 कोषाध्यक्ष
- 1 कार्यालय सचिव
इसके अलावा पार्टी सात अलग-अलग मोर्चों के अध्यक्षों की भी घोषणा करेगी। इनमें युवा मोर्चा, किसान मोर्चा, महिला मोर्चा, अनुसूचित जाति मोर्चा, ओबीसी मोर्चा, अल्पसंख्यक मोर्चा और अनुसूचित जनजाति मोर्चा शामिल हैं।
महिला नेतृत्व को भी मौका
पार्टी सूत्रों का कहना है कि इस बार नई कार्यकारिणी में महिला नेतृत्व को भी अहम जिम्मेदारी मिल सकती है। विशेष रूप से प्रदेश महामंत्री के पद पर किसी महिला को नियुक्त किए जाने की संभावना जताई जा रही है।
आगामी चुनाव को ध्यान में रखते हुए
भाजपा की नई टीम आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए बनाई जा रही है। इसका मकसद बूथ स्तर तक संगठन को और मजबूत करना और कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ाना है।